स्मार्ट सिटी द्वारा बनाई गई सिविल लाइन चौराहा से तिली चौराहा तक की सड़क का लोकार्पण 26 नवंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित कराने इसे उस समय आनन-फानन में बनाया गया था। वीआईपी रोड की तर्ज पर विकसित इस सड़क में शहर की पहली भूमिगत बिजली लाइन भी डाला जाना थी। यह लाइन तो डल गई परंतु सड़क के लोकार्पण के दो साल बाद भी इसका लाभ लोगों को नहीं मिल सका है। 3200 मीटर लंबाई की इस सड़क में 14 करोड़ रुपए की लागत से 3 तरह की केबल अंडरग्राउंड डाली गई हैं। दोनों तरफ, मध्य और आसपास के जो कनेक्शन इनमें जुड़ना है, उनकी लंबाई को मिलाकर कुल 45 किलोमीटर की लाइन डाली गई है। दरअसल, जो लाइन बिछाई गई, उन सबकी एक-एक अतिरिक्त लाइन भी बिछाई गई है ताकि भविष्य में इसमें दिक्कत आए तो दूसरी लाइन चालू हो सके। परंतु बिजली कंपनी से शटडाउन न मिलने और स्मार्ट सिटी का पूरा काम नहीं होने पाने के कारण यह लाइन अब तक चालू नहीं हो सकी है। 11-33 केवी की लाइनें अब भी खुले में इस मार्ग पर 33 केवी और 11 केवी की हाइटेंशन लाइन हैं जबकि लो-टेंशन यानी एलटी लाइन भी हैं। यह सब अब भी खुले में ही हैं क्योंकि इनसे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इन सबकी लाइन भूमिगत भी बिछा ली गई हैं, परंतु ये चालू नहीं हैं। पैनल, ट्रांसफॉर्मर आदि सब रखे जा चुके हैं। यह चालू होने पर सड़क के किनारों से 1400 घरेलू और दुकानों के कनेक्शन भी इसी से हो सकेंगे। बिजली कंपनी का भी था प्रस्ताव, पर अमल नहीं
बिजली कंपनी ने भी सागर में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने का प्रस्ताव बनाया था। 4 साल पहले बने इस प्लान में तय हुआ था कि पहले चरण में सघन और हरियाली बहुल क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इसे एकीकृत विद्युत विकास योजना के तहत कराने की योजना बनाई थी। परंतु इस पर अमल ही नहीं किया गया। शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। सिविल लाइन से गर्ल्स कॉलेज तक डक्ट बनाई सिविल लाइन चौराहा से गर्ल्स कॉलेज चौराहा तक सड़क में भी पहले यह प्रस्ताव था कि अंडरग्राउंड केबल बिछाई जाना थी। परंतु 1200 मीटर लंबाई की सड़क में अंडरग्राउंड केबल के लिए एस्टीमेट बनाया गया तो स्मार्ट सिटी ने हाथ पीछे खींच लिए। इस बीच बिजली कंपनी के तत्कालीन अफसरों ने उन्हें बताया कि हमारी योजना भी भूमिगत लाइन डालने की है, यदि डक्ट बना दें तो भविष्य में लाइन डाली जा सकेगी। अंडरग्राउंड बिजली के ये होंगे फायदे टेस्टिंग हो चुकी, अब मीटरों से लाइन जोड़ना है
लाइन की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। अब सिर्फ सड़क के दोनों ओर के आसपास के मीटरों से लाइन जुड़ना है, उसके लिए प्रक्रिया चल रही है। कुछ तकनीकी काम भी होना है। इसके लिए बिजली कंपनी से बात कर रहे हैं। इसके बाद बचा हुआ काम पूरा होते ही अंडर ग्राउंड लाइन से बिजली आपूर्ति चालू हो जाएगी।
– राजकुमार खत्री, निगमायुक्त स्मार्ट सिटी ने अब तक संपर्क ही नहीं किया
स्मार्ट सिटी ने इस संबंध में अभी तक बिजली कंपनी से संपर्क ही नहीं किया है। शटडाउन देने या नहीं देने का इसमें कोई मामला नहीं है। कुछ दिन पहले ही बिजली कंपनी ने लाइनों का मेंटेनेंस किया था, इस दौरान सिविल लाइन और तिली क्षेत्र में भी बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। स्मार्ट सिटी इस दौरान काम कर सकती थी।
– अशोक सोलंकी, मेंटेनेंस प्रभारी नगर संभाग


