भास्कर न्यूज | महासमुंद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज न्यू सर्किट हाउस ऑडिटोरियम रायपुर से दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से राज्य के 5 लाख 62 हजार 112 भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों सहित महासमुंद जिला भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। जिले के सभी विकासखंडों में हितग्राही और जनप्रतिनिधि वीसी के माध्यम से जुड़े थे। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में येतराम साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कुल 5 लाख 62 हजार से अधिक हितग्राहियों को इस योजना का लाभ मिलने जा रहा है। इस योजना के तहत पांच सौ 62 करोड़ 11 लाख 20 हजार रुपए हम भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना को शुरू करने के पीछे हमारा उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के शुद्ध आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से संबल प्रदान करना है। भूमिहीन मजदूर हितग्राहियों को 10 हजार रुपए का चेक वितरण किया: इस योजना में भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ वनोपज संग्राहक भूमिहीन परिवार, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी आदि पौनी-पसारी व्यवस्था से संबद्ध भूमिहीन परिवार भी शामिल हैं। इनके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासियों के देवस्थल में पूजा करने वाले पुजारी, बैगा, गुनिया, मांझी परिवारों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री साय ने भूमिहीन मजदूर हितग्राहियों को 10 हजार रुपए की राशि का चेक वितरित किया। 5 एकड़ असिंचित जमीन वालों को भी मिलेगा आवास मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से प्रदेश के भूमिहीन मजदूर परिवारों के आर्थिक समृद्धि का जो संकल्प लिया था, वह साकार हो रहा है। यह योजना न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को भी सुरक्षित बनाएगी। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश का हर गरीब और भूमिहीन परिवार खुशहाल हो। यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगी।


