बसंत विहार कालोनी में 6 हजार वर्गफीट में बनाए 6 अवैध रो-हाउस, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ मंगलवार को एक बार फिर तगड़ी कार्रवाई की। जोन-1 के बसंत विहार कालोनी में करीब छह हजार वर्गफीट में अवैध रूप से बनाए गए छह रो हाउस को तोड़ दिया गया। इसी तरह जोन-5 और 8 में भी बिना नगर निगम की अनुमति के बनाए जा रहे मकान तोड़ा गया। निगम की टीम प्रहरी ने शहर में कुछ जगहों पर चल रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की। बसंत विहार कालोनी में भूमाफिया अभय झा बिना नगर निगम की अनुमति और नक्शा पास कराए रोहाउस बना रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इसे बेचकर ग्राहकों को पजेशन देने की तैयारी की जा रही थी। शिकायत पर निगम और उड़नदस्ता टीम प्रहरी मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से बनाए गए सभी छह रोहाउस को तोड़ दिया गया। निगम अफसरों के अनुसार मौके पर कोई भी नहीं मिला। निर्माण करने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है। फिलहाल बनाए गए मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। इसी तरह जोन-8 में भी नगर निगम की टीम ने कार्रवाई कर स्वीकृति के विपरीत बनाए जा रहे एक मकान में तोड़फोड़ की। जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल को शिकायत मिली थी कि डा. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड में स्वीकृति के विपरीत निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने सब इंजीनियर लोचन चौहान और अबरार खान को जांच के निर्देश दिए। इंजीनियरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान जांच में शिकायत सही मिलने पर अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। जोन-5 ने भी पासपोर्ट कार्यालय के पास अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई करते हुए उसे तोड़ िदया। इसी तरह भाठागांव इंटकवेल के पास दो अलग-अलग जगहों पर अवैध प्लाटिंग पर निगम की टीम ने कार्रवाई की। यहां पर करीब दो एकड़ क्षेत्र में बिना लेआउट और नगर निगम की स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। निगम अफसरों के अनुसार अवैध प्लॉटिंग करने वालों की जानकारी के लिए तहसीलदार को पत्र लिखा गया है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। निगम कमिश्नर विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिया है कि वे लगातार जोन क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करे। 20 दिन पहले तोड़े 16 मकान
अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। करीब 20 दिन पहले नगर निगम ने बोरियाखुर्द में बिना नक्शा और नगर निगम की स्वीकृति के बनाए जा रहे 16 मकानों पर बुलडोजर चलाया था। नगर निगम के जोन-10 ने शहर के बड़े बिल्डर पंकज लाहोटी के इन निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज किया था। बिल्डर करीब 25 एकड़ कृषि जमीन पर बिना नक्शा और लेआउट पास कराए अवैध मकानें बना रहा था। निगम ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग करने वाले वालफोर्ट ग्रुप के पंकज लाहोटी, महेश धनगर और देवांगन नामक बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस में प्रकरण प्रस्तुत किया था। हालांकि, अब तक इस मामले में पुलिस ने किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं किया है। पुलिस अफसर इन प्रकरणों में नगर निगम से अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग कर रहे हैं। निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सभी दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए हैं। आगे की जांच कर पुलिस को प्रकरण दर्ज करना चाहिए।


