जबलपुर के भेड़ाघाट नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे पर देर रात बदमाशों ने चाकू मार दिया। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना तिलवारा थाना क्षेत्र के विशाल मेगा मार्ट के पास की है। बताया जा रहा है कि देर रात घायल नीलेश लोधी जबलपुर से भेड़ाघाट स्थित अपने घर जा रहा था, तभी तीन बदमाशों ने उसे रोका और ताबड़तोड़ चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल नीलेश लोधी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाने के बाद भेड़ाघाट नगर पंचायत अध्यक्ष चतुर सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि नीलेश लोधी प्रॉपर्टी का काम करता था। वहीं, हमलावर जीतू पटेल अपने साथी अंकित और सचिन के साथ इसी व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों पक्षों में कुछ समय पहले विवाद भी हुआ था। तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि नीरज लोधी की शिकायत पर जीतू पटेल सहित अंकित और सचिन के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जीतू पटेल आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में जेल से छूटने के बाद वह अपने साथियों के साथ फिर से प्रॉपर्टी का काम करने लगा था। टीआई बृजेश मिश्रा के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। जीतू पटेल चौकी लाल का निवासी है, उसके घर और आसपास लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


