भैंसों के बाड़े के पास पहुंचा 10 फीट लंबा मगरमच्छ:गुर्जर खेड़ी गांव में एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू

कोटा ग्रामीण जिले के कनवास क्षेत्र के पास स्थित गुर्जर खेड़ी गांव में सुबह के समय हड़कंप मच गया, गांव के अंदर करीब 10 फीट लंबा भारी भरकम मगरमच्छ घुस आया। सुबह के समय मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुकुंदरा टाइगर रिजर्व की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची। नाका प्रभारी सावन भादो डैम, राजवीर सिंह ने बताया कि रेंज ऑफिसर प्रद्युमन सिंह राठौर के निर्देशन में मगरमच्छ के रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की गई। वनकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू में किया। रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर मगरमच्छ निकला, उसके पास ही भैंसों का बाड़ा भी स्थित था, लेकिन राहत की बात यह रही कि मगरमच्छ ने किसी भी व्यक्ति या पशु को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से नजदीकी नदी में छोड़ दिया गया। नाका प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि यह उनका अब तक का 30वां मगरमच्छ रेस्क्यू है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि इस तरह की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके। वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट आदिल सैफ ने बताया कि मगरमच्छ खेत की एक जाल में फंसा हुआ था वहां से निकालकर कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया मगरमच्छ 10 फीट लंबा और 100 किलो से अधिक वजनी था। रेस्क्यू के दौरान बॉर्डर होमगार्ड प्रकाश, छितर लाल मीणा जेवीवीएनएल साथ रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *