अशोकनगर की कोतवाली थाना क्षेत्र के विदिशा रोड स्थित एडवांस पैथोलॉजी के सामने शनिवार शाम एक किसान से पैसे चोरी हो गए। बाइक से आए बदमाशों में से एक व्यक्ति ने बुजुर्ग को किसी व्यक्ति के बुलाने की बात कही, इसके बाद उसके थैला से 28 हजार रुपए चोरी कर भाग निकले। बाइक से आए बदमाश वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दे रहे हैं। दौलत राम पिता राम किशन कुशवाह (54) निवासी मुड़रा कला थाना पिपरई ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को बताया कि मैं अपने घर से भैंस खरीदने अशोकनगर आया था। बहू को इलाज करवाना था, इसलिए वह भी साथ आई। बहू की जांच करवाने के लिए एडवांस पैथॉलाजी पर पहुंचे। थैला में रुपए रखे थे। कुर्सी पर बैठा था तभी एक युवक आया और आकर कुछ देर तक वहीं खड़ा रहा, फिर बोला कि आपको कोई बुला रहा है। मैं गुमठी के पास पहुंचा तो दो लोग बात करने लगे तब तक पीछे से एक व्यक्ति ने रुपए निकाल लिए। मैं वापस आकर कुर्सी पर बैठ गया। कुछ देर बाद देखा पैसे गायब हो चुके थे। लेकिन तब तक बाइक से आए बदमाश निकल चुके थे। इस बात की जानकारी मैंने परिजनों को दी।


