भास्कर न्यूज | अलवर गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने मवेशी चोरी की बढ़ती वारदातों पर कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के मुख्य सरगना शाकिर (32) पुत्र अकबर खान निवासी गदड़बास थाना खोह जिला डीग और उसके छोटे भाई इरशाद खान (27) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की भैंसों की बिक्री से मिले 40 हजार रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद की गई है। थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को परिवादी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवादी ने बताया कि 15 जनवरी की रात करीब 11 बजे अज्ञात बदमाश उसके घर से दो भैंस और एक पाड़ी चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शाकिर और उसके भाई इरशाद को चिन्हित किया। इसके बाद दबिश देकर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर किया। पूछताछ में आरोपियों से अन्य मवेशी चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बरवाड़ा से 15 जनवरी को दो भैंस और एक पाड़ी, बगड़ तिराहा क्षेत्र के गांव सहजपुर से 17 और 18 जनवरी की रात भैंस चोरी तथा 22 जनवरी को बहरोड़-कोटपूतली जिले के हरसौरा थाने गांव गुवाड़ा से भैंस चोरी की वारदात स्वीकार की है। आरोपी दिन के समय गांवों में जाकर भैंसों की रैकी करते थे। रात के अंधेरे में भैंस चोरी कर पिकअप में लादकर अपने गांव ले जाते और सस्ते दामों में बेच देते थे। यह गैंग गोविंदगढ़, बगड़ तिराया, नौगांवा सहित कोटपूतली-बहरोड़ जिले के इलाकों में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु चोरी, लूट, हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट के एक दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। शाकिर के खिलाफ 9 और इरशाद के खिलाफ 4 मामले पहले से दर्ज हैं। इरशाद नौगांवा थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में वांछित भी चल रहा था।


