बसंत पंचमी शुक्रवार को पड़ने से भोजशाला में धार्मिक आयोजन और कानून-व्यवस्था प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है। सोमवार को इंदौर संभाग के कमिश्नर सुदाम खाड़े और आईजी अनुराग धार पहुंचे। यहां पहले पुलिस प्रशासन फिर हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से अलग-अलग बंद कमरे में चर्चा की। इसमें हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि 2003 के आदेश के अनुसार बसंत पंचमी पर उन्हें सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा का हक है। उन्होंने साफ कहा कि इस बार भी अखंड पूजन पूरे दिन किया जाएगा। किसी तरह का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं मुस्लिम समाज ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जुमे की नमाज सांकेतिक रूप से अदा की जाएगी। सांप्रदायिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए नमाज में शामिल होने वालों की संख्या सीमित रखी जाएगी।


