भोपाल के वार्ड-31 से BJP पार्षद को एसडीएम का नोटिस:जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत पर कार्रवाई; 23 जनवरी को जवाब देना होगा

भोपाल के वार्ड-31 की भाजपा पार्षद बृजला सचान चुनाव के दौरान अपने जाति प्रमाण पत्र को लेकर घिर गई हैं। एक शिकायत के बाद टीटी नगर एसडीएम अर्चना शर्मा ने पार्षद को नोटिस जारी किया है, जिसमें 23 जनवरी तक जवाब देने को कहा गया है। जवाब नहीं देने की स्थिति में एकतरफा कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। बृजला सचान को महापौर मालती राय की करीबी माना जाता है। वे अक्सर कार्यक्रमों में महापौर के साथ नजर आती हैं। चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के राज सिंह को 1144 वोटों से हराया था। सचान को 2722 वोट मिले थे, जबकि राज सिंह को 1578 वोट प्राप्त हुए थे। उनके निर्वाचन के दौरान जाति प्रमाण पत्र को लेकर कोलार निवासी शैलेष सेन ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर एसडीएम अर्चना शर्मा ने पार्षद को नोटिस जारी किया है। जाति प्रमाण पत्र संदिग्ध होने का हवाला
प्रियंका नगर कोलार निवासी सेन ने जो शिकायत की, उसमें पार्षद सचान के जाति प्रमाण पत्र के संदिग्ध होने का हवाला दिया गया। इस मामले में एसडीएम ने 23 जनवरी को दोपहर 3 बजे पार्षद या फिर उनके द्वारा नियुक्त अधिवक्ता को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। यदि दोनों में कोई भी उपस्थित नहीं होता है तो एक पक्षीय कार्रवाई किए जाने की बात भी नोटिस में कही गई है। पार्षद बोलीं-अभी व्यस्त हूं
पार्षद सचान पर आरोप है कि संदिग्ध जाति प्रमाण पत्र का उपयोग कर चुनाव जीता। हालांकि, इस नोटिस से पहले भी दो बार नोटिस जारी हो चुके हैं। इस मामले में जब पार्षद से चर्चा की गई तो उन्होंने व्यस्त होने का हवाला दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *