भोपाल में थाना सूखी सेवनिया के ओमकारा सेवनिया की सिद्ध नगर कॉलोनी में रहने वाली बीजेपी बिलखिरिया मंडल की महामंत्री सकुन शर्मा (55) को गांव में रहने वाले गर्जुर परिवार ने जमकर पीटा। पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़िता को घसीट-घसीटकर पीटा जा रहा है। जमीन पर लिटाकर उसे चांटे मारे जा रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि वह कॉलोनी के मंदिर में पूजा करने गई थी। इसी दौरान फोन पर किसी से बात कर रही थी। तभी आरोपी वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। घटना शुक्रवार देर रात की है। महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि, कॉलोनी के शंकर जी के मंदिर में गुर्जर समाज के लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। यहां रहने वाले बाह्मण समाज के लोगों को मंदिर नहीं जाने दिया जाता। पूजा करने से रोका जाता है, इसी बात को लेकर तीन दिन पहले एक अन्य पंडित परिवार को पीटा गया था। फरियादिया ने थाने में तीन महिला और तीन पुरुषों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। घटनाक्रम…जैसा पीड़िता ने बताया पीड़िता सकुन शर्मा के मुताबिक वे गांव में अकेली रहती हैं, उनके पति कमलेश शर्मा अशोका गार्डन में रहते हैं। पति भोपाल के एक होटल में ही खाना बनाने का काम करते हैं। उनका बेटा प्राइवेट जॉब करता है और उसका ऑफिस मिसरोद में है, आना जाना दूर पड़ता है, लिहाजा उसने वहीं रूम ले रखा है। गांव में शंकर जी का मंदिर है, पिछले कुछ समय से गुर्जर समाज के लोग इस मंदिर में बाह्मण समाज के लोगों को पूजा अर्चना करने से रोकने लगे हैं। यहीं कारण है कि दोनों समाज के लोगों में आए दिन विवाद होने लगे हैं। अष्टमी के दिन भी गांव में रहने वाले एक पंडित परिवार से मारपीट की गई थी। शुक्रवार की शाम को मैं भी पूजा के लिए मंदिर जा रही थी। तभी सामने रहने वाले गुर्जर समाज के एक परिवार ने मुझसे अपशब्द कहे। विरोध करने पर मारने पीटने पर आमादा हो गए। मैं घर में गई और स्वयं को लॉक कर लिया। बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और समझाइश देकर चली गई, क्योंकि मेरा बेटा और पति दोनों दूर थे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कराने थाने बुलाया, तब अपने समाज के एक युवक के साथ वहां जाने के लिए निकली। घर से निकलते ही आरोपी बलराम गुर्जर, सुनील गुर्जर, अनुराग गुर्जर, अन्नू गुर्जर और गीता गुर्जर ने मुझे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। जमीन पर गिराकर जमकर लाते और चांटे मारे। गांव के कुछ लोगों ने मेरी जान को बचाया है। प्रताड़ित कर गांव से भगाना चाहते हैं पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग प्रताड़ित कर बाह्मण समाज के लोगों को गांव से भगाना चाहते हैं। यही कारण है कि लगातार हमारे समाज के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। क्योंकि मैं राजनीति से जुड़ी हूं…अपने लोगों की आवाज को उठाती हूं इस कारण मुझे टारगेट किया गया है। आरोपियों पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की है, लिहाजा वे लगातार मुझे धमका रहे हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की मामले में सूखीसेवनिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि मारपीट के आरोप में तीन महिला और एक पुरुष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे कार्रवाई करेंगे। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है।


