भोपाल की कोलार रोड पुलिस ने क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टे खिलाते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सट्टेबाजी के लिए पॉश आशियाना हाइट्स में किराए का फ्लैट ले रखा था। आरोपी सागर और जबलपुर के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से 16 मोबाइल, तीन लैपटॉप, सिम व नकदी समेत करीब पांच लाख रुपए का सामान बरामद किया है। दोनों युवकों की ऑनलाइन सट्टा खिलाने के दौरान ही मुलाकात हुई थी और फिर दोनों कोलार इलाके में किराए का फ्लैट लेकर सट्टा खिलाने का काम करने लगे। सर्च वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आशियाना हाइट्स के फ्लैट नंबर 104 में कुछ लोग क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाकर अवैध पैसा कमा रहे हैं। पुलिस की टीम सर्च वारंट लेकर मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने वाले युवक ने अपना नाम अमित सुहाने बताया। फ्लैट की तलाशी लेने पर उसमें दो व्यक्ति मिले और अलग-अलग कंपनी के 16 मोबाइल, तीन लैपटॉप व सिम बरामद हुईं। शार्टकट से अमीर बनने की चाह में बने सटोरी
दोनों व्यक्ति लैपटॉप और मोबाइल का संचालन करते हुए मिले। उन्होंने अपने नाम अमित सुहाने (32) निवासी मकरोनिया नियर रेलवे स्टेशन सागर व अमित रावत (40) निवासी मनमोहन नगर गायत्री मंदिर रोड जबलपुर का होना बताए। दोनों आरोपियों ने किराए का फ्लैट लेकर क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करना कुबूल किया। उक्त दोनों आरोपी लोगों को तीन गुना पैसा देने का लालच देकर सट्टा लगाने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस को आरोपियों के पास से 36 हजार 250 रुपए नगद भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जल्द अमीर बनने की चाह में सट्टा कारोबार करने की बात स्वीकार की है।


