मंडला में 10वें सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस के मौके पर जिला प्रशासन ने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा और 148वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी सहित अन्य अधिकारियों ने शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट किए। अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा की हुई सराहना नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनिक अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी अपने प्राणों की परवाह किए बिना सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिससे हम सभी को गर्व की अनुभूति होती है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने उपस्थित पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश की सरहदों की रक्षा वीर जवानों के साहस और समर्पण से ही संभव है। कलेक्टर ने पूर्व सैनिकों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा को प्रेरणादायी बताते हुए उनकी समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को किया सलाम कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी ने मंडला जिले के पूर्व सैनिकों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों का होना गर्व की बात है और सीआरपीएफ की ओर से सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सलाम है। रिटायर्ड सैनिकों का किया गया सम्मान इस अवसर पर रिटायर्ड सूबेदार रज्जूलाल मरावी, आर्टिलरी नायक के.के. बैरागी, एयर डिफेंस नंदकुमार यादव, शहीद नायक दिलीप कुमार चंद्रौल के परिजन, हवलदार रामकुमार ठाकुर, टीएस नायक रविशंकर मरावी, हवलदार जगदीश पटेल, सूबेदार मेजर अब्दुल सलीम, हवलदार प्रेमलाल, नायक रतिराम कछवार, सूबेदार मेजर मो. कासिम, रिटा. नायक लक्ष्मीनारायण, एस.पी. पटेल, सिपाही ब्रजेश कुमार कुड़ापे और गणेश प्रसाद झारिया, नायक कमलसिंह भगत को सम्मानित किया गया।


