भोपाल में पुलिस कस्टडी से भागा चोर:मेडिकल के लिए जेपी अस्पताल ले गए थे; हथकड़ी से हाथ निकालकर हुआ फरार

भोपाल की कोहेफिजा थाने पुलिस के दो जवान चोरी के आरोपी को मेडिकल के लिए जेपी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां दो पुलिसकर्मियों को चकमा देकर आरोपी ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया। फिर पुलिस जवानों के सामने ही उसने दौड़ लगाई और फरार हो गया। हबीबगंज पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी चोर की तलाश की जा रही है। कोहेफिजा थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि, भागने वाले चोर का नाम जयंत उर्फ छोटू है, जो विदिशा का रहने वाला है। कोहेफिजा में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ के लिए छोटू और उसके साथी को पुलिस रिमांड पर लिया था। गुरुवार दोपहर पुलिस जवान छोटू और उसके साथी को मेडिकल के लिए 1250 अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इस बीच यह घटना हुई। हबीबगंज थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर का रूट ट्रेस किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी निगरानी बढ़ा दी है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छोटू और उसके साथी को निशातपुरा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने कोहेफिजा क्षेत्र की चोरी कबूली थीं। इनके खुलासे के लिए एक दिन पहले ही कोहेफिजा पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया था। सीसीटीवी​ कैमरों को चेक कर रही पुलिस बताया गया है कि अस्पताल परिसर में एक बार पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है। उस समय एक आरोपी टॉयलेट की खिड़की से कूदकर भाग निकला था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने टॉयलेट की खिड़की के पास सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया है। ताकि खिड़की पर निगरानी रखी जा सके। पुलिस यहां के फुटेज चेक कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *