भोपाल में युवती की छत से गिरने से मौत:नूतन कॉलेज जाने का कहकर घर से निकली थी, पड़ाेसी लेकर पहुंचा अस्पताल

भोपाल के चूना भट्टी थाना क्षेत्र की पारिका सोसाइटी में बुधवार को एक युवती की छत से गिरने के बाद मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे गिरने से हुई मौत मानते हुए मर्ग कायम किया है, हालांकि पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। चूना भट्टी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि युवती की पहचान प्रिया मेहरा (उम्र करीब 21–22 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच उसके छत से गिरने की सूचना मिली थी। प्रिया सुबह करीब दस बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह कॉलेज जा रही है। बाद में वह चूना भट्टी स्थित पारिका सोसाइटी पहुंची, जहां से उसके गिरने की बात सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वहां किस उद्देश्य से गई थी। पड़ाेसी ने पहुंचाया अस्पताल
पुलिस के मुताबिक, युवती को अस्पताल पहुंचाने वाला युवक कपिल तुषार है, जो उसका पुराना पड़ोसी बताया जा रहा है। दोनों के बीच परिचय की बात सामने आई है, लेकिन घटना के वक्त वे किस परिस्थिति में वहां मौजूद थे, इस पर पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी सिर्फ गिरने से मौत का मामला दर्ज किया है। यह दुर्घटना थी, आत्महत्या या किसी अन्य वजह से युवती गिरी इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। छत से गिरने की परिस्थितियों, युवती की वहां मौजूदगी और युवक की भूमिका को लेकर पुलिस आगे पूछताछ करेगी। पुलिस ने बताया कि मृतका नूतन कॉलेज में पढ़ती थी, इसकी पुष्टि परिवार से की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *