सरकारी स्कूल टीचर से परेशान होकर कीटनाशक पीया, मौत:रतलाम में नोट लिखा- फेसबुक पर कमेंट के बाद जान से मारने धमकाया; कॉल हिस्ट्री निकालें

रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के गांव नांदलेटा में 40 वर्षीय व्यक्ति की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक के घर से मिले सुसाइड नोट में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर प्रताड़ना और धमकियां देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक कन्हैयालाल (40) पिता शंभुलाल मालवीय, पेशे से सोलर कंपनी में ड्राइवर था। बुधवार तड़के करीब 4 बजे परिजन उसे गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पिपलौदा थाना पुलिस ने पहुंचकर पोस्टमार्टम कराया और दोपहर में शव परिजनों को सौंप दिया। घर से मिला सुसाइड नोट
परिजनों के अनुसार, घर से कन्हैयालाल द्वारा लिखा सुसाइड नोट मिला है, जिसे पुलिस को सौंपा गया। नोट में उसने लिखा कि वह एक सरकारी शिक्षक की धमकियों और प्रताड़ना से परेशान था। सुसाइड नोट में क्या लिखा फेसबुक पर किए गए एक कमेंट के बाद उसे बदनाम करने, मानहानि का केस लगाने और जान से मारने की धमकियां मिलीं। कमेंट में उसने आरोप लगाया था कि एक शिक्षक सरकारी नौकरी के बावजूद डॉक्टर बनकर इलाज करता है। उसने लिखा कि उसे इतना मजबूर कर दिया गया कि वह जीवन समाप्त करने का कदम उठा रहा है। नोट में संबंधित शिक्षक के स्कूल का नाम (शा. मा. वि. मचून) लिखा गया है और कॉल हिस्ट्री की जांच की मांग की गई है। परिवार के लिए एक करोड़ रुपए की सहायता और सुरक्षा की मांग भी की गई है। शिक्षक का नाम और भूमिका
सुसाइड नोट में सर्प मित्र गणेश मालवीय का भी उल्लेख है, जो पिपलौदा के शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक हैं। बताया गया कि उनके एक फेसबुक पोस्ट पर कन्हैयालाल ने कमेंट किया था। हालांकि नोट में धमकी देने वाले शिक्षक का नाम सीधे तौर पर नहीं, बल्कि स्कूल का नाम दर्ज है। परिवार और सामाजिक संगठन की मांग
मृतक के परिवार में पत्नी ललिता बाई, बेटी पूनम (18) और बेटा मोहित (16) हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय श्री बलाई महासंघ के पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचे और निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा परिवार को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। शिक्षक का पक्ष
शिक्षक गणेश मालवीय ने कहा कि वे कर्मचारी संगठन का प्रतिनिधित्व करते हैं। फेसबुक पर कई कमेंट आते रहते हैं। वे कन्हैयालाल को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते, न ही उन्होंने उसके कमेंट पर कोई टिप्पणी की। उनसे कभी मुलाकात भी नहीं हुई। पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोरी ने बताया कि युवक की मौत के मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *