राजधानी भोपाल में अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता-2025 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पुलिस महानिदेशक एवं प्रतियोगिता के संरक्षक कैलाश मकवाणा ने अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप सभी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। रविवार की शाम 4 बजे पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की मौजूदगी में प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल हुई। मुख्य अतिथि की भूमिका 7वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक रामचंद्र कुशवाहा ने निभाई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ राकेश गुप्ता, आयोजन समिति की सचिव कृष्णावेणी देसावतु सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।


