भोपाल में सफला एकादशी पर खाटू श्याम का दिव्य श्रृंगार:दो क्विंटल खिचड़ी और छप्पन भोग अर्पित; अग्रवाल बंधुओं ने भजनों की प्रस्तुति दी

सफला एकादशी के पावन अवसर पर प्लेटिनम प्लाजा स्थित मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर में बाबा खाटू श्याम का दिव्य और भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष किस्म के सुगंधित फूलों से सजे बाबा के दरबार में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। मंदिर के व्यवस्थापक पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सफला एकादशी के अवसर पर बाबा खाटू श्याम को दो क्विंटल खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया, साथ ही छप्पन भोग समर्पित किए गए। विधिवत पूजन-अर्चन के बाद बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित की गई, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया। इस अवसर पर सीहोर से पधारे भजन गायक अग्रवाल बंधुओं ने भजन संध्या प्रस्तुत की। “श्याम तेरी महिमा अपरंपार” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और बाबा के जयकारों के बीच भक्तों ने नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने बाबा खाटू श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी मनवांछित कामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। देर शाम तक भजन-कीर्तन और आरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *