सीधी जिले में रेलवे निर्माण कार्य में 100 करोड़ रुपए की रॉयल्टी के गबन का आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने रेलवे ठेकेदारों, अधिकारियों और जिला प्रशासन पर यह गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश सचिव रामचरण सोनी और प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल ने सोमवार को सीधी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का खुलासा किया। आप नेताओं ने दावा किया कि रेलवे परियोजनाओं के तहत पटरियों को बचाने के नाम पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया। इसमें मिट्टी, मुरुम और अन्य खनिजों का अवैध उत्खनन शामिल है। आरोप है कि इस दौरान खनिज विभाग को लगभग 100 करोड़ रुपए की रॉयल्टी का नुकसान हुआ, जिसे जमा नहीं किया गया। ठेकेदारों और अधिकारियों में मिलीभगत प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने आरोप लगाया कि यह पूरा घोटाला रेलवे के ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ है, जिसमें जिले के कई अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी ने इस मुद्दे पर कई बार विरोध प्रदर्शन किए और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। रानी अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश सरकार ने शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की और जिम्मेदार ठेकेदारों व अधिकारियों पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने इसे केवल आर्थिक घोटाला नहीं, बल्कि जनता के हक की खुली लूट बताया। हाईकोर्ट जाएंगी आप पार्टी प्रदेश सचिव रामचरण सोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रेलवे ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा नेताओं को “पेटी भरकर पैसा” दिया जाता है, जिसके कारण किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं होती। सोनी ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने उनकी बात नहीं मानी, तो पार्टी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर न्याय की गुहार लगाएगी।


