चमचमाती लाइट्स, हाई बीट म्यूजिक और सलमान अली की सूफियाना आवाज। दूसरी तरफ खचाखच भरा कॉलेज का कैंपस। यह नजारा रविवार को भोपाल के मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी में देखने को मिला। मौका था यूनिवर्सिटी के मेगा फ्रेशर्स ईव ‘प्रक्रम 2024’ का, जहां मशहूर गायक सलमान अली के तरानों ने युवाओं को मस्ती में झूमने पर मजबूर कर दिया। इंडियन आइडल के दसवें सीजन के विजेता सलमान अली की लाइव परफॉर्मेंस हिनौतिया आलम स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में युवा झूमते और नाचते नजर आए। इससे पहले मानसरोवर के ‘प्रक्रम’ में सचेत-परंपरा, मधुर शर्मा, और मामे खान जैसी हस्तियां भी शिरकत कर चुकी हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, मानसरोवर समूह की चांसलर मंजुला तिवारी, और चीफ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव तिवारी ने किया। गौरव तिवारी ने कहा, “प्रक्रम का अर्थ है एक प्रक्रिया जो लगातार जारी रहती है। हमें उम्मीद है कि मानसरोवर परिवार के सदस्य और युवाओं का जोश भी इसी तरह बना रहेगा।” ‘तेरी दीवानी’ से की शुरुआत मशहूर गायक सलमान अली ने ‘तेरी दीवानी’ से अपनी परफॉर्मेंस की शुरुआत की, जिसने माहौल को जीवंत कर दिया। हजारों युवा मस्ती में झूम उठे। इसके बाद उन्होंने ‘बेचारा’, ‘बस तुम मेरे पास हो’, ‘आशिकी का गम’ जैसे गाने गाए। लाइव कॉन्सर्ट की शुरुआत ओपनिंग एक्ट ‘द लीडिंग ड्रॉप्स’ ने की। वहीं, राहुल नेत्रा नेगी ने ‘शिव कैलाशों के वासी’, ‘गोरी तेरी आंखें कहें’, ‘चंदा कितनी दूर है’ जैसे गाने गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में मानसरोवर समूह के सभी संस्थानों के वरिष्ठजन, डीन, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


