भोपाल में 2 महीने की गर्भवती युवती ने सुसाइड किया:मां को कॉल कर कहा- कोई साथ नहीं दे रहा, सास प्रताड़ित कर रही हैं…जा रही हूं

भोपाल के न्यू कबाड़खाना इलाके में रहने वाली एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दो महीने की गर्भवती थी। आत्महत्या से पहले उसने अपनी मां को कॉल कर बताया था कि पति से विवाद चल रहा है। उसने कहा था कि वह दो दिनों से खाना नहीं खा रही है, सास उसे प्रताड़ित करती हैं, ताने मारती हैं और दहेज में कुछ नहीं लाने पर कोसती हैं। उसने यह भी कहा कि कोई उसका साथ नहीं दे रहा है और “मैं जा रही हूं।” इसके बाद कॉल डिस्कनेक्ट हो गया। बाद में परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। मामले में हनुमानगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, पूजा कैथरिया पति सौरभ कैथरिया (उम्र 26 वर्ष) न्यू कबाड़खाना में पति और सास-ससुर के साथ रहती थी। वह मूल रूप से ग्वालियर की रहने वाली थी। गुरुवार शाम को देवर ने शव को फंदे पर लटके देखा। मां बोलीं- बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया पूजा की मां ने बताया कि बेटी की ढाई साल पहले अरेंज मैरिज हुई थी। दामाद भोपाल के जहांगीराबाद स्थित एक वाइन शॉप पर नौकरी करता है। शादी में हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन शादी के बाद से ही सास मनचाहा दहेज नहीं मिलने से नाराज रहती थीं और ताने मारती थीं। मां का आरोप है कि दामाद भी अपनी मां की बातों में आकर पूजा को प्रताड़ित करता था। पूजा का 14 महीने का एक बच्चा है और वह दो महीने की गर्भवती भी थी। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। ‘दिनभर कमरे में रही, किसी ने सुध नहीं ली’ पति और सास से विवाद के बाद वह गुस्से में दो दिनों से खाना नहीं खा रही थी। मायके वाले फोन पर उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे और शुक्रवार को भोपाल आने का भरोसा भी दिया था। आखिरी बार बुधवार रात पूजा से बात हुई थी, तब उसने बताया था कि सास और पति उसे परेशान कर रहे हैं। सास अपशब्द कहती हैं और मायके वालों को भी बुरा-भला कहती हैं। उसने कहा था कि कोई उसका साथ देने वाला नहीं है। गुरुवार को वह दिन भर कमरे से बाहर नहीं निकली और किसी ने उसकी सुध तक नहीं ली। शाम को देवर ने कमरे में जाकर शव देखा, जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई। एसीपी करेंगे मामले की जांच पुलिस ने बताया कि मायके पक्ष की मौजूदगी में शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। एसआई अमित भदौरिया ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आगे की जांच एसीपी करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *