अमृतसर | पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों में मुश्किल हालात में फंसे लोगों की मदद के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय भी राहत कार्यों में हिस्सा ले रहा है। मजलिस अहरार इस्लाम-ए-हिंद के पंजाब प्रधान अब्दुल नूर की अगुवाई में अमृतसर के अजनाला हलके में पिछले 15 दिनों से लगातार राहत कार्य जारी हैं। पत्रकारों से बात करते मजलिस अहरार के प्रधान अब्दुल नूर ने बताया कि बाढ़ आने के बाद से ही अजनाला और डेरा बाबा नानक के कई गांवों में मस्जिद सिकंदर खान से लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों, खासकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और भोपाल से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग राहत सामग्री लेकर पहुंच रहे हैं। नूर ने बताया कि उसी कड़ी में शनिवार को भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने राहत सामग्री के 10 ट्रक पंजाब भेजे, जिनमें से 2 ट्रक फिरोजपुर जबकि 2 ट्रक राहत सामग्री जिला अमृतसर के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भेजी गई है। जबकि 6 ट्रक श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह के सुपुर्द किए हैं ।


