भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 तक जाने वाला एक तरफ का रास्ता बुधवार को खोल दिया गया। इसे मेट्रो ने मंगलवार को अचानक बंद कर दिया था। इससे पूरे दिन यात्रियों को सामान लेकर पैदल आना-जाना पड़ा था। दैनिक भास्कर ने इस संबंध में बुधवार को समाचार प्रकाशित किया था। उसके बाद इसे खोल दिया गया। हालांकि अब भी रेलवे स्टेशन से अल्पना टॉकीज की तरफ जाने वाला एक तरफ का रास्ता बंद है। इससे लोगों को खासी परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि प्लेटफॉर्म नंबर-6 से करीब 40 हजार यात्रियों का आना-जाना होता है। एक रास्ता बंद होने से जाम की स्थिति बन रही है। दूसरे रास्ते से अब यात्री सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 6 तक पहुंच सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी इस पर आपत्ति जताई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि रास्ता बंद करने की मेट्रो ने अनुमति नहीं ली है। इससे पहले मेट्रो के एमडी भी सभी रास्तों को खोलने के निर्देश दे चुके हैं। प्लेटफॉर्म-6 की ओर का एक रास्ता तो बुधवार को खुल गया है लेकिन दूसरे रास्ते पर अब भी बैरिकेड लगे हुए हैं।


