भोरमदेव में लाइट और साउंड शो में दिखेगी मंदिर की कहानी व उससे जुड़े प्रसंग

राकेश जायसवाल | कवर्धा “छत्तीसगढ़ का खजुराहो” कहे जाने वाले भोरमदेव मंदिर के इतिहास को सहेजने के लिए वीडियो डॉक्यूमेंट्री बनाई जाएगी। मंदिर में लाइट और साउंड शो की भी व्यवस्था होगी। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर भोरमदेव मंदिर की कहानी और उससे जुड़े प्रसंग दिखाए और सुनाए जाएंगे। यह शो छत्तीसगढ़ी के अलावा हिंदी में भी चलेगा। ताकि दीगर राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को इसे समझने में आसानी हो। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत भोरमदेव को टूरिस्ट कॉरीडोर बनाने यह पहल की जा रही है। भोरमदेव मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास (जन सुविधाएं, सौंदर्यीकरण आदि) के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने 146 करोड़ रुपए मंजूर कर दिया है। इस प्रोजेक्ट में लाइट और साउंड शो शुरू करने का भी प्लान शामिल है। मंदिर की वीडियो डॉक्यूमेंट्री बनाने की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के डायरेक्टर विवेक आचार्य, सब इंजीनियर चेतन मनहरे और दिलीप साहू को सौंपी है। गूगल में भोरमदेव सर्च करने पर दिखेगी थ्री डी विजुअल राष्ट्रपति से पुरस्कृत शिक्षक और पुरातत्व विशेषज्ञ आदित्य श्रीवास्तव के अनुसार, भोरमदेव मंदिर और आसपास के प्रसिद्ध स्थानों का लिडार सर्वे (अर्थात धरती के भीतरी हिस्से को देखना) किया जाएगा। इस सर्वे के आधार पर मंदिर की थ्री डी डिजाइन तैयार कर इंटरनेट पर अपलोड की जाएगी। गूगल पर भोरमदेव सर्च करने पर मंदिर की थ्री डी विजुअल दिखाई देगी। इससे भोरमदेव मंदिर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। प्रोजेक्ट के तहत ये काम भी होंगे इस प्रोजेक्ट में भोरमदेव मंदिर परिसर का संपूर्ण विकास किया जाएगा। सौंदर्यीकरण, पर्यटक सूचना केंद्र, शिव प्लाजा, झील और सरोदा बांध का सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए पार्क, गेस्ट हाउस, लाइब्रेरी, संग्रहालय, भंडारा भवन, मेला ग्राउंड, प्रवेश द्वार और पार्किंग का निर्माण शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *