भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब आसान हो गई है। भोरमदेव विद्यापीठ संस्थान में 200 युवाओं को निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। इनमें 100 पीएससी और 100 व्यापम अभ्यर्थी शामिल हैं। यह संस्थान सीएसआर मद और दिल्ली की आईएएस एकेडमी के सहयोग से संचालित हो रहा है। पहले युवाओं को पीएससी और अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर, बिलासपुर या दिल्ली जाना पड़ता था। अब उन्हें अपने ही जिले में आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। दिल्ली आईएएस एकेडमी के संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि यहां एयर कंडीशनर कक्षाएं, डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और स्वच्छ कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे छात्रों को बड़े शहरों जैसा माहौल मिल रहा है। दिल्ली आईएएस एकेडमी के शिक्षक ले रहे क्लास: कोचिंग की कक्षाएं दिल्ली आईएएस एकेडमी के वरिष्ठ शिक्षक प्रशांत और देव ले रहे हैं। वे प्रतिदिन छह घंटे पढ़ा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इसका संचालन रूपेश मिश्रा और राकेश टंडन कर रहे हैं। संस्थान में पढ़ रही छात्रा चंचल ने कहा कि पहले बाहर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती थी।


