भास्कर न्यूज | कवर्धा पवित्र सावन मास का शुभारंभ 11 जुलाई से होगा। प्रथम सोमवार 14 जुलाई को पड़ेगा। इस अवसर पर कवर्धा से अमरकंटक तक 180 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा निकलेगी। यात्रा में हजारों श्रद्धालु मां नर्मदा का जल लेकर बाबा भोरमदेव और पंचमुखी बूढ़ा महादेव तक पहुंचेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में बैठक ली। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए कवर्धा से अमरकंटक और रायपुर से अमरकंटक तक अस्थायी बस परमिट जारी करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्ग पर बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था और आपातकालीन सेवा को दुरुस्त रखने को कहा गया। निजी अस्पतालों से समन्वय कर सेवा के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उपमुख्यमंत्री ने भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने साफ-सफाई, चिकित्सा, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, ठहराव और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर फोकस: उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सावन में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। हजारों श्रद्धालु अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर डोंगरिया, भोरमदेव और बूढ़ा महादेव तक कांवड़ यात्रा करते हैं। यह यात्रा सामाजिक एकता और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यात्रा के मार्ग पर ठहरने व मेडिकल इंतजाम रहेंगे पदयात्रा मार्ग में ठहरने, पेयजल, मेडिकल टीम, बिजली, यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। प्रशासनिक अमले को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सावन शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, रेडक्रॉस, नेहरू युवा केंद्र, हरीतिमा, ज्वाइन हैंड्स और स्वामी विवेकानंद एकेडमी से समन्वय कर सेवा कार्यों में सहभागी बनाया जाए। टेंट लगेंगे, विश्राम के लिए पंचायतों के भवन खोलेंगे अमरकंटक से बूढ़ा महादेव मार्ग पर ठहरने, पेयजल और शौचालय की विस्तृत व्यवस्था की जा रही है। ग्राम लमनी और खुड़िया में वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएंगे। पंडरिया, कुई, पोलमी, डोंगरिया, खड़ौदा, सिल्हाटी, पोड़ी सहित कवर्धा के स्कूलों और पंचायत भवनों में रात्रि विश्राम, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था होगी। राजानवांगांव, खरहट्टा, भोरमदेव, बोड़ला, कबीरकुटी, सिंघनपुरी, समनापुरी, अमलीडीह, बरपेला टोला, कोडार में भी सुविधाएं दुरुस्त की जा रही हैं।


