धमतरी| भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव रायपुर से बस्तर जाते समय 19 जुलाई को देर-शाम धमतरी पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने मीडिया से कहा कि ईडी और ईओडब्ल्यू जैसी संस्थाएं संवैधानिक हैं। जब गलती होती है, तभी कार्रवाई होती है। यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित नहीं होती। यदि कोई गलत काम नहीं किया, तो डरने की जरूरत नहीं, लेकिन गलती की है तो कार्रवाई से बच नहीं सकते। भ्रष्टाचार और अत्याचार के बाद कार्रवाई को राजनीति से जोड़ना गलत है। संवैधानिक संस्थाओं को अपना काम करने देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया। भूपेश ने कहा था- एक पेड़ मां के नाम, सारा जंगल बाप के नाम। इस पर किरण सिंह देव ने कहा कि यह प्रधानमंत्री का भावनात्मक संदेश है। पर्यावरण और प्रकृति के लिए यह बड़ा फैसला है। इसे राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करना गलत है। मां के नाम से जुड़ी योजना पर इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है।


