नगर निगम भिलाई में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित से जुड़ी समस्याओं के विरोध में मंगलवार को हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर ने हल्ला बोल आंदोलन करते हुए प्रदर्शन किया। यह आंदोलन सुपेला चौक से नगर निगम भिलाई कार्यालय तक निकाला गया, जिसमें संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। हिन्दू युवा मंच का कहना है कि 26 दिसंबर 2025 को नगर निगम भिलाई में सामने आए भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों को लेकर आयुक्त राजीव कुमार पांडे को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय आयुक्त द्वारा शीघ्र जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 24 दिनों से अधिक समय बीतने के बावजूद किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो महापौर के चेहरे पर पोतेंगे कालिख
हिंदू युवा मंच के भिलाई महानगर अध्यक्ष कमल रणदिवे ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कहा कि महापौर साहब हमने करोड़े के भ्रष्टाचार का बजट पेश किया है, करोड़ों का बजट है हमारा। थोड़ा हमारे उपर भी ध्यान दीजिए। और अगर आपने ध्यान नहीं दिया तो आज हमारा यह प्रदर्शन शांतिपूर्वक है। नहीं तो ये युवा गेट तोड़कर अंदर जा सकता है। पुलिस प्रशासन हमें रोक लेगी क्या?, कार्यकर्ताओं ने कहा नहीं। अगर इसके बाद कार्रवाई नहीं हुआ तो हम लोग चैंबर में घुसकर कालिख पोत सकते हैं कि नहीं? सभी ने कहा हां। इसके बाद कमल ने कहा कि महापौर साहब अगर चेहरा बचाना है तो हमारी बात को सुनना होगा। हमसे बात करना होगा। जो भी भ्रष्टाचारी है उनके उपर कार्रवाई करनी होगी। वृक्षारोपण और पेवर ब्लॉक लगाने के नाम पर भी भ्रष्टाचार
हिन्दू युवा मंच ने आरोप लगाया कि नगर निगम भिलाई में प्लेसमेंट कर्मचारियों को ईएसआई और पीएफ जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। इसके अलावा वृक्षारोपण, पेवर ब्लॉक निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण, शिक्षा कर वसूली, ठेका वितरण और अवैध शुल्क वसूली जैसे गंभीर मामलों पर निगम प्रशासन की चुप्पी भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का संकेत है। इन्हीं मांगों को लेकर पूर्व चेतावनी के अनुरूप मंगलवार दोपहर 12:30 बजे निगम का घेराव किया गया। निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। भ्रष्टाचार का बजट बनाकर सौंपा
इस प्रदर्शन में युवाओं ने भ्रष्टाचार का बजट बनाकर निगम प्रशासन को सौंपा है। इसमें निगम के उपर 11 बिंदुओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए निगम मुख्यालय के गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने निगम मुख्यालय के गेट के बाहर ही प्रदर्शन किया। मांग पूरी नहीं होने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।


