हेल्थ डिपार्टमेंट के डिप्टी डायरेक्टर को ठगने वाला गिरफ्तार:मोबाइल चोरी करके ठगों ने पार किए थे 2.26 लाख,  UPI अकाउंट ट्रेस करके पुलिस ने पकड़ा; एक आरोपी अभी भी फरार

हेल्थ डिपार्टमेंट के डिप्टी डायरेक्टर से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोबाइल चोरी कर ठगों ने यूपीआई के जरिए 2 लाख 26 हजार 562 रुपए निकाल लिए थे। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए यूपीआई अकाउंट ट्रेस कर एक आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी का एक साथी अभी भी फरार है। गिरफ्तार आरोपी का नाम आयुष डागा पुलिस द्वारा बताया जा रहा है। आरोपी से 70 हजार रुपए पुलिस ने बरामद किया है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निधि ग्वालरे ने पुलिस को बताया कि वो 13 जनवरी को समता एक्सप्रेस से दिल्ली से रायपुर पहुंचीं। सुबह करीब 5:30 बजे रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वे ऑटो से अपने घर समता कॉलोनी गईं। घर पहुंचने के बाद करीब 7 बजे जब उन्होंने अपने पिट्ठू बैग की साइड पॉकेट चेक की तो मोबाइल फोन गायब मिला। उन्होंने तत्काल आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और संबंधित सिम को बंद करा दिया। कुछ दिन बाद उन्होंने नया मोबाइल लेकर उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम दोबारा चालू कराया। इसी दौरान 16 जनवरी को उनके मोबाइल पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से खाते से 5 हजार रुपए डेबिट होने का मैसेज आया। इससे उन्हें ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद वे कचहरी स्थित बैंक शाखा पहुंचीं और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट निकालने के बाद उन्हें अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुका आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी आयुष डागा शातिर अपराधी है। इससे पहले चोरी के करीब एक दर्जन मामलों में रायपुर के कबीर नगर, पुरानी बस्ती, कोतवाली सहित मध्यप्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के गोंदिया और ओडिशा में जेल जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *