मंडप के लिए लकड़ी लेने जंगल गया बुजुर्ग लापता:36 घंटे से नहीं ​मिला सुराग, रातभर तलाशते रहे ग्रामीण; पुलिस ने शुरू की सर्च

करौली के भीकमपुरा गांव से रामचरण शर्मा उर्फ नैने 36 घंटे से अधिक समय से लापता हैं। वह शनिवार सुबह शादी के मंडप के लिए लकड़ी लेने जंगल गए थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। इस घटना से पूरे गांव में चिंता का माहौल है। भीकमपुरा निवासी रामचरण शर्मा शनिवार सुबह घर से निकले थे। शनिवार देर रात तक ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिवार के सदस्य उनके न लौटने से परेशान हैं। रामचरण के पुत्र विष्णु शर्मा ने बताया कि गांव के सैकड़ों लोग लगातार जंगल में उनकी तलाश कर रहे हैं। लगभग पांच से सात किलोमीटर का इलाका खंगाला जा चुका है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। विष्णु ने स्वयं ड्रोन कैमरे की मदद से दो से तीन किलोमीटर क्षेत्र की हवाई तलाशी भी ली, पर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नजर नहीं आई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी जंगली जानवर ने हमला किया होता, तो उसके कुछ अवशेष अवश्य मिलते। ऐसा कोई निशान न मिलने से ग्रामीणों में असमंजस और भय बना हुआ है। लोग यह समझने में असमर्थ हैं कि एक स्वस्थ व्यक्ति इतने लंबे समय तक कैसे गायब हो सकता है। पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम ने बताया कि पुलिस टीम लगातार खोज अभियान चला रही है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *