मंडरायल में एक परिवार के 7 कच्चे घर जले:चूल्हे से लगी आग, सोना-चांदी और 60 मन अनाज जला; करीब 6.5 लाख का नुकसान

करौली के मंडरायल उपखंड स्थित दरगावा गांव में शुक्रवार को एक परिवार के सात कच्चे घर आग की चपेट में आ गए। दोपहर एक बजे अचानक लगी इस आग में सोना-चांदी के गहने और 60 मन अनाज जल गया। आग से करीब 6.5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ट्यूबवेल और अन्य स्रोतों से पानी का इस्तेमाल कर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घरों में रखा सामान जल चुका था। आग में बल्ला मीना, काडू मीना, लच्छी मीना, मीठा मीना, लज्जाराम मीना, विद्याराम मीना और हरिओम मीना के घर जल गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग से सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, 60 मन अनाज और चारा जलकर राख हो गया। कुल मिलाकर लगभग 6.5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में जलता हुआ चूल्हा आग का कारण माना जा रहा है। सूचना पाकर एसडीएम धर्मेंद्र वर्मा, तहसीलदार कमलचंद शर्मा, नायब तहसीलदार शीशराम और थानाधिकारी रामचंद्र रावत मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड दोपहर 3 बजे के बाद पहुंची। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और सरकार से नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन ने नुकसान का सर्वे कर जल्द राहत देने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *