मंडला जिले के लुटरा गांव में एक दंपती की मौत हो गई। 22 वर्षीय दिलीप सिंह धुर्वे और उनकी पत्नी अमरावती धुर्वे शुक्रवार शाम अपने घर के एक ही कमरे में मृत पाए गए। साेमवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर पर अकेले थे दंपती परिजनों ने बताया कि 9 जनवरी की सुबह घर के सभी सदस्य खेत पर काम करने चले गए थे। उस समय घर पर केवल दिलीप और अमरावती मौजूद थे। शाम करीब 5 बजे जब दिलीप की मां जानकी बाई खेत से लौटीं, तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने और प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, तो गांव वालों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। अमरावती कमरे में फांसी पर लटकी हुई थीं, जबकि दिलीप बिस्तर पर मृत पड़े थे। घटनास्थल से मिले शराब के ग्लास घटनास्थल से शराब के गिलास, बोतलें और टूटी चूड़ियां भी बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि पहले पति की हत्या की गई और उसके बाद पत्नी ने आत्महत्या की।घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी, कार्यपालिका मजिस्ट्रेट और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हर एंगल से जांच कर रही पुलिस एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि युवक की मौत गला घोंटने से हुई हो सकती है। घटनास्थल पर मिले संकेतों से यह भी लग रहा है कि दोनों ने घटना से पहले नशा किया था। मौके पर महुए की शराब और नशे के इस्तेमाल की संभावना जताई जा रही है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


