मंडला पुलिस की गांजा सप्लाई चेन पर कार्रवाई:5 सप्लायर-खरीदार गिरफ्तार, राजस्थान और ओडिशा से जुड़े हैं तार

मंडला पुलिस ने गांजा की संगठित सप्लाई चेन को तोड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बम्हनी और चौकी अंजनिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान और ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले ट्रक चालक, कंडक्टर और खरीददार सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी को राजस्थान एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) से मिली सूचना के आधार पर अंजनिया पुलिस ने मटरू ढाबा के आगे पुलिया के पास छुपाकर रखा गया 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में ट्रक चालक राजेंद्र पिता अमरचंद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने राजस्थान के बारा, झालावाड़ और कोटा में दबिश दी। विवेचना में गांजा तस्करी से जुड़े ट्रक चालक, ट्रक कंडक्टर और खरीददार सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से ट्रक चालक और एक खरीददार को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से गांजा सप्लायर को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह आरोपी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस द्वारा आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, जिससे गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में निरीक्षक के.सी. चौव्हान, उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा, अरुण भदौरिया, पुनीत वाजपेई, सहायक उपनिरीक्षक राजेश सराठे तथा आरक्षक रोहित, कीर्ति, सुनील, सुरेश भटेरे और सूर्यचंद बघेल की अहम भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *