मंडला के पुलिस परेड ग्राउंड में मंगलवार को मंडला पुलिस प्रीमियर लीग 2026 का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद कछवाहा, 148वीं वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिव कुमार वर्मा ने लीग में शामिल 10 टीमों और मैच कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने, तनाव कम करने और फिटनेस बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। एएसपी ने यह भी बताया कि मंडला, बालाघाट और डिंडोरी सहित पूरा मध्यप्रदेश अब नक्सल मुक्त हो चुका है। मुख्य अतिथि कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने टूर्नामेंट ट्रॉफी, टीम लोगो और टीम टी-शर्ट का अनावरण किया। उन्होंने उद्घाटन मुकाबले में बिछिया अनुभाग और निवास अनुभाग की टीमों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराया। अपने संबोधन में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने खिलाड़ियों को अनुशासन, फिटनेस और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने पुलिस बल और युवाओं से खेलों को अपनाकर शारीरिक दक्षता बनाए रखने का आह्वान किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बिछिया अनुभाग और निवास अनुभाग के बीच खेला गया। इसमें बिछिया अनुभाग की टीम विजयी रही। इस लीग में पुलिस, हॉक फोर्स, सीआरपीएफ, होमगार्ड और एसएएफ बटालियन सहित कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग की टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ‘ए’ में मंडला मुख्यालय, बिछिया अनुभाग, निवास अनुभाग, हॉक-01 और सीआरपीएफ 148 बटालियन मुख्यालय शामिल हैं। ग्रुप ‘बी’ में मंडला अनुभाग, नैनपुर अनुभाग, हॉक-02, होमगार्ड मंडला और एसएएफ 35 बटालियन की टीमें हैं। इस अवसर पर एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी, एसडीओपी निवास पी.एस. वालरे, जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, डीएसपी महिला सुरक्षा सतीश चतुर्वेदी, सीआरपीएफ के प्रमोद कुमार यादव सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


