मंडला में कलेक्ट्रेट भवन निर्माण का विरोध:अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर वैकल्पिक स्थल सुझाए

मंडला में नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण को लेकर अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। अधिवक्ता संघ ने शहर से दूर भवन बनाने की चर्चाओं का विरोध करते हुए शहर के नजदीक भवन बनाये जाने की मांग रखी है। दरअसल, नवीन कलेक्ट्रेट भवन मंडला में स्वीकृत है और जल्द ही इसका भूमिपूजन होने की संभावना है। प्राथमिक तौर पर इसे उद्यानिकी कार्यालय की भूमि पर बनाया जाना था, लेकिन इस संबंध में उच्च न्यायालय में एक याचिका लंबित है। इसके चलते अब नए स्थान का चयन किया जा रहा है। ग्राम चटुआमार में नए स्थल के चयन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बाद अधिवक्ता संघ ने आपत्ति जताई। संघ का कहना है कि शहर से दूर कलेक्टर कार्यालय होने से आमजन और अधिवक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे पक्षकारों और अधिवक्ताओं पर परिवहन एवं अन्य व्यय बढ़ेंगे, साथ ही अतिरिक्त समय भी लगेगा। संघ ने शहर में ही कलेक्ट्रेट भवन निर्माण की मांग करते हुए तीन विकल्प सुझाए हैं। इनमें ज्ञानदीप के सामने शासकीय भवन की भूमि, या जिला आपूर्ति कार्यालय, खनिज कार्यालय एवं प्राचीन महिला एवं बाल विकास कार्यालय के स्थान पर कलेक्ट्रेट निर्माण शामिल है। तीसरा सुझाव यह है कि उच्च न्यायालय में उद्यानिकी कार्यालय को लेकर चल रहे मामले का निर्णय होने तक स्थल चयन न किया जाए। इस विरोध प्रदर्शन के तहत अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामेश्वर झारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। उन्होंने कलेक्टर सोमेश मिश्रा से मुलाकात कर उनसे चर्चा की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *