मंडला में नर्मदा जयंती पर उमड़ी भक्तों की भीड़:घाट-घाट पर हो रहे पूजन-अर्चन, शाम को निर्झरणी महोत्सव में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

मंडला में नर्मदा जयंती के अवसर पर सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। नर्मदा के तट पर ‘त्वदीय पाद पंकजमं नमामि देवी नर्मदे’ के मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु नर्मदा तट पर पूजन-अर्चन में लीन हैं। रपटा घाट पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी रजत सकलेचा और सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष पूजन किया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नर्मदा पूजन और आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिनभर चलने वाले इन धार्मिक आयोजनों में हवन, पूजन और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों भक्त शामिल होंगे। नर्मदा भक्त मां नर्मदा को चुनरी अर्पण कर रहे हैं। शाम को सभी घाटों पर महाआरती और दीपदान का विशेष आयोजन होगा। रपटा घाट पर शाम 6:30 बजे से निर्झरणी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग, आंगन तिराहा, कारीकोन तिराहा, नेहरू स्मारक चौक, बिंझिया तिराहा और योजना भवन तिराहा से गुजरने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दो पहिया वाहन झूला पुल मार्ग से जा सकेंगे, जबकि चार पहिया वाहनों को NH-30 का उपयोग करना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *