मंडला के कान्हा नेशनल पार्क मार्ग पर स्थित लमना गांव के पास एक पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना रविवार दोपहर की है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जानकारी के अनुसार, कार पेट्रोल पंप पर खड़ी थी। तभी उसमें शॉर्ट सर्किट के कारण चिनगारी निकली और आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के समय कार पंप के नोजल से कुछ दूरी पर खड़ी थी, जिससे एक बड़े विस्फोट का खतरा टल गया। पेट्रोल टैंकों तक आग पहुंचने से पहले पाया काबू आग की लपटें उठते ही पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पंप पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया। आग को पेट्रोल टैंकों तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी को टाला जा सका। पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी कार जलकर राख आग इतनी भीषण थी कि जब तक उसे पूरी तरह बुझाया गया, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।


