मंडला में बाघिन तेंदुए का शिकार करने पेड़ पर चढ़ी:तेंदुआ पतली टहनियों की ओर भागा, पर्यटकों ने बनाया VIDEO

कान्हा टाइगर रिजर्व से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर अच्छे-अच्छे वन्यजीव प्रेमी भी दंग रह गए हैं। आमतौर पर हम जानते हैं कि तेंदुआ पेड़ चढ़ने में उस्ताद होता है और बाघ जमीन का राजा, लेकिन यहां तो नजारा ही कुछ और था। कान्हा की मशहूर बाघिन नीलीमा (T-115) ने एक तेंदुए को दबोचने के लिए पेड़ पर चढ़कर सबको हैरान कर दिया। यह पूरी घटना कान्हा जोन के मंगलु तिराहा इलाके की है। पर्यटकों की जिप्सियां रोज की तरह टाइगर साइटिंग की तलाश में थीं, तभी उन्होंने देखा कि बाघिन नीलीमा एक पेड़ के नीचे घात लगाए बैठी है। अचानक नीलीमा ने फुर्ती दिखाई और देखते ही देखते पेड़ के तने पर चढ़ने लगी। बाघों का भारी शरीर उन्हें पेड़ पर चढ़ने की इजाजत कम ही देता है, इसलिए नीलीमा का यह अंदाज देख वहां मौजूद सैलानियों की सांसें थम गईं। तेंदुए ने ऐसे बचाई अपनी जान पेड़ की डाल पर बैठा तेंदुआ भी बाघिन को ऊपर आता देख घबरा गया। उसे समझ आ गया कि आज जमीन ही नहीं, पेड़ पर भी खतरा है। अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए ने समझदारी दिखाई और पेड़ की उन पतली टहनियों की ओर भाग गया जहां बाघिन का भारी-भरकम शरीर नहीं पहुंच सकता था। नीलीमा ने कुछ देर कोशिश की, पर जब बात नहीं बनी तो वो हार मानकर नीचे उतर आई। इस तरह तेंदुए की जान बाल-बाल बच गई। वीडियो किया जा रहा शेयर सोशल मीडिया पर वीडियो देख लोग नीलीमा की ताकत और तेंदुए की चालाकी की चर्चा कर रहे हैं। वन्यजीव एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाघ और तेंदुए के बीच इलाके और खाने को लेकर मुकाबला चलता रहता है, लेकिन एक बाघ का शिकार के लिए इस तरह पेड़ पर चढ़ना बहुत ही दुर्लभ घटना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *