भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब स्टेट ग्रेन प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (पनग्रेन) द्वारा अमृतसर जिले में अनाज भंडारण क्षमता में बड़ा विस्तार किया जा रहा है, ताकि आगामी सीजन में किसानों को अपनी फसल के भंडारण में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पनग्रेन की ओर से जिले की सात प्रमुख मंडियों से जुड़े क्षेत्रों में अनाज भंडारण क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भगतांवाला मंडी में 40 हजार मीट्रिक टन, जंडियाला गुरु मंडी में 55 हजार मीट्रिक टन, छेहर्टा मंडी में 35 हजार मीट्रिक टन, अजनाला मंडी में 15 हजार मीट्रिक टन, रईया मंडी में 5 हजार मीट्रिक टन, मजीठा मंडी में 10 हजार मीट्रिक टन तथा वल्ला मंडी में 20 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त भंडारण क्षमता का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में कुल 1 लाख 80 हजार मीट्रिक टन अनाज भंडारण क्षमता में इजाफा हो जाएगा, जिससे अनाज की अनलॉडिंग और लॉडिंग की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी ।


