हिमाचल के मंडी जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत दिसंबर 2025 तक 24,561 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। यह जानकारी धर्मपुर के विधायक एवं जिला कल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जिले में कुल 1 लाख 39 हजार 100 पात्र लाभार्थियों को लगभग 117 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई है। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग राहत भत्ता, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग राहत भत्ता, कुष्ठ रोगी पुनर्वास भत्ता और ट्रांसजेंडर के लाभार्थी शामिल हैं। 123 करोड़ का बजट आवंटित हुआ : चंद्रशेखर चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश सरकार वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मंडी जिले को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 123 करोड़ रुपए से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। इसमें से अब तक 1 लाख 39 हजार 282 पात्र लाभार्थियों को लगभग 119 करोड़ 18 लाख रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। इस वर्ष मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 69 लाख रुपए और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत लगभग 52 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई है। अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत करीब 25 लाख 75 हजार रुपए, दिव्यांग छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के तहत लगभग 5 लाख 29 हजार रुपए और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 19 लाख 40 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में 141 गांवों का चयन किया गया है।


