बुधवार को प्रदेश के सभी भाजपा विधायक और मंत्री पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश , क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल की सियासी क्लास में सभी मौजूद रहे। इस बैठक में 29 जून तक पूरे प्रदेश में मोदी सरकार के प्रति माहौल बनाने का टास्क नेताओं को मिला है। बैठक के शुरुआती हिस्से में अलग-अलग मोर्चा, प्रकोष्ठ और टोली के नेताओं से सीनियर लीडर मिले और पिछले कार्यक्रम का रिव्यू किया गया। इसके बाद तारीख दर तारीख तय किया गया है कि किस दिन क्या कार्यक्रम प्रदेश में किए जाएंगे। विधायकों की बैठक करीब 2 घंटे चली। इसके बाद प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रमों को लेकर जानकारी दी। ये होंगे कार्यक्रम
देश में नरेंद्र मोदी सरकार को 11 साल पूरे हो रहे हैं। इसे लेकर प्रदेश में कई कार्यक्रम भाजपा करेगी। अरुण साव ने बताया- 29 जून तक भाजपा के विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की गई है। भाजपा संगठन ने आगामी दिनों के लिए विस्तृत कार्यक्रम की योजना तैयार की है, इनपर संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन हमें मिला है। इन कार्यक्रमों का हुआ रिव्यू
भाजपा मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर ग्राम / वार्ड / शक्ति केन्द्र / बूथ स्तर पर 15 से 17 जून तक प्रत्येक शक्ति केंद्र पर एक चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर रही थी। आयुष्मान योजना (वय वंदन) में शत-प्रतिशत वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण और कार्ड बनाने के काम हुए। प्रदेश की राजधानी एवं बड़े नगरों में केंद्रीय मंत्री/राष्ट्रीय पदाधिकारी/मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री गए वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। जिला स्तर पर सेमिनार, लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कार्यक्रम के अतिरिक्त छात्रों / कॉलेजों / शैक्षणिक संस्थाओं को लक्षित कर कार्यक्रम किए गए इन कार्यक्रमों का रिव्यू संगठन के बड़े नेताओं ने किया।


