जामताड़ा| नारायणपुर के बोरवा में आयोजित सरकार आपके द्वार… शिविर में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयान ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने इस बयान को गैर-जिम्मेदाराना और संवैधानिक व्यवस्था के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री लोगों को एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब जिले के डीसी स्वयं कार्यक्रम में मौजूद थे, जो कि जिले के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भी होते हैं, तो ऐसी स्थिति में संवैधानिक प्रणालियों के प्रति अविश्वास फैलाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन लोगों को संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, यदि वही सार्वजनिक मंच से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाएंगे, तो जनता में भ्रम पैदा होना स्वाभाविक है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री को अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने, डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय वह संवैधानिक प्रक्रियाओं के विरुद्ध बयान देकर लोगों को भटका रहे हैं। सुमित ने कहा कि संविधान की शपथ लेने के बावजूद ऐसा बयान देना कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर उजागर करता है।


