मध्यप्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई के गांजा तस्करी के मामले में पकड़े जाने को लेकर सियासत तेज हो गई है। रीवा प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल को मीडिया और विपक्षी नेताओं ने घेर लिया। इस दौरान मंत्री पहले सवालों से बचते हुए नजर आए, लेकिन बाद में उन्होंने सरकार का स्पष्ट रुख सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा बागरी के भाई हो या फिर कोई और कानून से ऊपर नहीं हैं। मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल ने प्रारंभ में कहा कि इस पूरे मामले पर प्रतिमा बागरी पहले ही अपनी बात रख चुकी हैं। उन्होंने इस विषय पर ज्यादा टिप्पणी करने से बचने की कोशिश की। हालांकि, लगातार सवालों के बाद मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि पारिवारिक रिश्ते या संबंध किसी भी स्थिति में पुलिस की कार्रवाई में आड़े नहीं आएंगे। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना पुलिस ने 46 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹9 लाख से अधिक की बताई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अनिल अपने सहयोगी पंकज सिंह और बहनोई शैलेंद्र सिंह के साथ मिलकर नशे की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और दोषियों को 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले 3 दिसंबर को बहनोई शैलेंद्र सिंह को भी गांजा तस्करी में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिससे पूरे मामले में व्यापक जांच जारी है। विपक्ष इस मामले को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है और प्रतिमा बागरी के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है, जबकि भाजपा की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामला जांच में आगे बढ़ा रही है और राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि इतने बड़े मामले के सामने आने के बाद भी कोई बड़ी कार्यवाही नहीं हुई। मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। यह खबर भी पढ़ें
मंत्री बागरी बोलीं- गांजा तस्कर मेरा भाई नहीं गांजे की तस्करी के मामले में गिरफ्तार भाई अनिल बागरी से नगरीय विकास एवं आवास मंत्री प्रतिमा बागरी ने पल्ला झाड़ लिया है। भाई की गिरफ्तारी के अगले दिन मंगलवार को खजुराहो में मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा- कोई भी अपने आप से रिश्तेदार बना लेता है। मेरा अनुरोध है कि पहले आप उसकी पुष्टि कर लें। तथ्यों की जानकारी के बाद ही बात करें। पूरी खबर पढ़ें…


