जेडीए में काम करवाने जाना है तो अब आपको पहले पास बनवाना होेगा। आमजन से जुड़े विभाग में ये पास सिस्टम व्यवस्था 1 जनवरी से लागू कर दी है। जनता की सीधी एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। राजधानी के 3 हजार वर्ग किमी एरिया में फैले जेडीए रीजन में रोज हजारों लोग अधिकारियों के पास अपने काम और शिकायतें लेकर पहुंचते हैं, लेकिन अब सीधे एंट्री नहीं कर पाएंगे। इस तुगलकी फरमान में सबसे अचरज वाली बात यह है कि हर बिल्डिंग में जाने के लिए अलग-अलग रंग का पास बनवाना होगा और पास के कलर कोड देखकर संबंधित बिल्डिंग में एंट्री दी जाएगी। जेडीए के इस आदेश का विरोध भी शुरू हो गया है। जेडीए अधिकारियों का तर्क है कि जेडीए परिसर में अवांछित लोगों की एंट्री रोकने के लिए ऐसा किया है, लेकिन जेडीए बार एसोसिएशन का कहना है आमजन जुड़े विभागों में इस तरह के आदेश अव्यावहारिक है। अधिकारियों को जनता की सुननी न पड़े, इसलिए आमजन को पास से एंट्री का बहाना लगाया गया है। जेडीसी-सचिव के लिए आसमानी पास मुख्य भवन यानी आयुक्त, सचिव, निदेशक इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों से मिलने को आसमानी पास बनेगा। पार्किंग भवन की द्वितीय और तृतीय मंजिल के लिए सफेद रंग का पास होगा। विस्तार भवन के लिए पीला, कोर्ट बिल्डिंग के लिए हल्का हरा और नागरिक सेवा केन्द्र के प्रथम तल को छोड़कर अन्य किसी फ्लोर पर जाने के लिए गुलाबी रंग का पास बनेगा। जेडीए में 100 से अधिक मामले पेंडिंग जेडीए मुख्य कार्यालय में 14 जोन उपायुक्त के दफ्तर हैं। पीआरएन के 4 जोन में समस्याओं का निस्तारण न होने पर मुख्य भवन आना पड़ता है। वर्तमान में लीज डीड, सबडिवीजन, नाम हस्तांतरण, फ्री होल्ड पट्टे के 100 से अधिक मामले पेंडिंग हैं। जेडीए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हनुमान शर्मा का कहना है कि यह तुगलकी फरमान है। दलालों को रोकने के लिए पास सिस्टम लागू करना तर्क संगत नहीं। आमजन को पट्टा, नाम हस्तातरंण, कॉलोनियों में विकास कार्य करवाने, अतिक्रमण, निर्माण की शिकायत, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टा लेने, रजिस्ट्री करवाने जेडीए ट्रिब्यूनल में बार-बार आना पड़ता है। जोन स्तर पर समस्या का निस्तारण नहीं होने पर उच्चाधिकारियों तक चक्कर काटने पड़ते हैं। कई बार अलग-अलग अधिकारियों से मिलने एक से दूसरी बिल्डिंग में आना-जाना पड़ता है। अब पास सिस्टम में आमजन को पहले 12 से 3 बजे तक पास बनवाना होगा और फिर 3 से 5 बजे तक अधिकारी मुलाकात करेंगे। एक बिल्डिंग के पास से दूसरी में एंट्री नहीं मिलेगी। इसके लिए दूसरे दिन दोपहर 3 बजे से पहले पास बनवाना होगा।


