हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला के सरकारी कॉलेज की छात्रा पल्लवी की संदिग्ध मौत के मामले में शनिवार को आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा सिद्धबाड़ी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है तथा बेटी को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। विभागीय स्तर पर सख्त आदेश जारी मंत्री गोमा ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर सख्त आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की गहनता से जांच की जाएगी, ताकि हर पहलू सामने आ सके और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिल सके। इस दौरान धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रशासन की जांच में कमी न रहे परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पुलिस और प्रशासन की जांच में कोई कमी न रहे, सभी तथ्यों को खंगाला जाएगा। यदि मामले में कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रोफेसर-छात्रों ने किया था प्रताड़ित गौरतलब है कि धर्मशाला कॉलेज की छात्रा पल्लवी की मौत के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को कॉलेज के एक प्रोफेसर और कुछ छात्रों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। परिजन लगातार मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए न्याय की गुहार लगा रहे हैं।


