महिला विधायकों की ओर से स्पीकर वासुदेव देवनानी पर निजता के हनन का आरोप लगाने के मामले में मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि विधानसभा में कोई भी निजी जगह नहीं हैं। चाहे हां पक्ष, ना पक्ष लॉबी हो। मीडिया, विजिटर गैलरी हो और विधानसभा के अंदर का भाग हो। उन सब में ऐसा कोई स्थान नहीं है, जिसमें कोई प्राइवेसी की जगह हो। इन सभी स्थानों पर आमजन आ जा सकता है। जहां तक महिला विधायकों के आरोपों का प्रश्न है, इसका स्पष्टीकरण विधानसभा स्पीकर स्पष्ट रूप से दे चुके हैं। हम भी इसे कई बार स्पष्ट कर चुके है कि यह आरोप, आरोप लगाने के लिए लगाए गए हैं। पटेल आज शहर बीजेपी कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। स्पीकर हमारी रिकोर्डिंग देखते है अनूपगढ़ से कांग्रेस विधायक शिमला नायक और भोपालगढ़ से विधायक गीता बरवड़ ने कहा था कि सदन में पहले से 9 कैमरे थे, लेकिन दो जासूसी कैमरों से स्पीकर और मंत्री हमारी रिकॉर्डिंग देखते हैं। हमारी निजी बातें सुनते हैं। दोनों जासूसी कैमरों से हमारी निजता का हनन हो रहा है। दोनों महिला विधायक सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रही थीं। शिमला नायक ने कहा- विधानसभा सदन में अगर एक पेन भी गिरता है तो उसकी आवाज भी दोनों जासूसी कैमरे रिकॉर्ड करते हैं। इन जासूसी कैमरों का एक्सेस स्पीकर के रेस्ट रूम में है। यहां पर स्पीकर के साथ मंत्री और बीजेपी विधायक हमारी बातचीत सुनते और हमें देखते हैं। देश दो दिवाली मना रहा उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी के कारण देश दो दिवाली मना रहा है। पीएम मोदी ने कर सुधार करके दीपावली बनवा दी है। यूपीए सरकार के समय पर टैक्स की जटिल प्रणाली थी, इंस्पेक्टर राज था, जिसे अब मोदी सरकार ने आसान, पारदर्शी और जनकल्याणकारी बनाया है। उन्होंने रोटी, कपड़ा, मकान ही नहीं बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी वस्तुओं को सस्ता किया है। जीएसटी में अब दो स्लैब ही बचे हैं। इस फैसले के बाद देश में महंगाई दर कम होगी, वहीं विकास दर में तेजी देखने को मिलेगी।


