खैरागढ़-गंडई-छुईखदान जिले में श्रम विभाग के निरीक्षक लोकेंद्र वैष्णव और सीएससी संचालक विनोद सिंह राजपूत के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में श्रम निरीक्षक मंत्री के दौरे का हवाला देकर पैसों की मांग कर रहा है। वह 5,000 रुपए की रकम की बात करता है। संवाद में विनोद से शिव के खाते में 55 हजार रुपए डालने की बात कही जा रही है। विनोद सिंह राजपूत ने जिला प्रशासन से इसकी शिकायत की है। फिलहाल दैनिक भास्कर डिजिटल वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, श्रम कार्ड और नोनी सशक्तिकरण योजना में आवेदन करने के बाद निरीक्षण के नाम पर पैसे मांगे जाते थे। पैसे न देने पर आवेदन निरस्त कर दिए जाते थे। रंजूबाई और शैलेंद्री के आवेदन पैसे न देने के कारण 6-7 बार निरस्त किए गए। पैसे लेने का एजेंट बनाने का आरोप विनोद राजपूत के मुताबिक, श्रम निरीक्षक ने गंडई के शिवकुमार साहू को पैसे लेने का एजेंट बनाया था। शिवकुमार ने स्वीकार किया कि वह अपने खाते में आने वाले पैसे तुरंत निरीक्षक के खाते में ट्रांसफर कर देता था। एडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच श्रम प्रभारी को सौंपी गई है। दो दिन में जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खैरागढ़ जिले में करीब 500 से अधिक सीएससी सेंटर्स संचालित हैं, जहां जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज बनाए जाते हैं। पहले से ही शासन के निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायतें आ रही थीं, वायरल ऑडियो की एक और शिकायत हुई है।


