मंत्री धालीवाल का दावा: मेयर आप का बन रहा, पार्षद खरीदने के आरोप नकारे

भास्कर न्यूज । अमृतसर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने एक बार फिर से दावा किया कि मेयर आप पार्टी का ही बन रहा है। बीते रोज धालीवाल ने मीडिया के उनसे सवाल किया कि आरोप लगाए जा रहे हैं कि पार्षदों को 25-25 लाख रुपए में खरीदा जा रहा है। इस आरोप को मंत्री ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपए तो सारी उम्र तक देखा नहीं है। किसी को देना कहां है। आप पार्टी के वर्कर नेता सभी गरीब घरों के हैं। किसी बंदे को कोई पैसा नहीं दे रहे हैं। यह तय है कि मेयर आप पार्टी का बन रहा है। इस समय पर 38 वोट हैं। कांग्रेस के पास 40 हैं। जिस दिन आप कहो मेयर बना देंगे। आंकड़ा पूरा होगा तो ही मेयर बनाएंगे। हमारी पार्टी कहती है कि जो भी पंजाब का भला सोचे वह किसी भी दल का हो आप ज्वाइन कर सकता है। सारी पार्टी बेकार नहीं होती। उसमें अच्छे लोग भी होते हैं। गुरुनगरी की जो भलाई चाहता है, वह आप पार्टी में आ सकता है। कांग्रेस के कितने पार्षद संपर्क में हैं, इस पर कैबिनेट मंत्री धालीवाल हंस पड़े। उन्होंने बात बदलते हुए कहा कि कुछ लोग बाहर से सपोर्ट करने वाले हैं। मेयर बढ़िया देने के लिए हर तरह की मुश्किलों को फेस करेंगे। ब्लॉस्ट हो रहे, यह बाहर बैठे शैतान लोग कर रहे। कानून व्यवस्था को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले जो ब्लास्ट हुआ था, पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा था। ये लोग भी काबू में आ जाएंगे। मीडिया से सवाल किया कि कांग्रेस लीडर राजा वड़िंग और प्रताप बाजवा मेयर बनाने का दावा कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि प्रताप बाजवा से पूछो, उनके धड़े कितने हैं। कांग्रेस में 7 तो धड़े हैं। कभी 40 तो कहीं 50 पार्षद बताते हैं। जितने हलके उतने लीडर और उतने ही इनके मेयर हैं। दिल्ली का चुनाव जीत रहे हैं। बीजेपी वालों ने कहा था कि 15-15 लाख रुपए देंगे। आज तक नहीं दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *