संजय तिवारी | अमृतसर दो साल के बाद गणतंत्र दिवस वाले दिन से शहर में ई-चालान की शुरुआत की तैयारी की जा रही है। फिलहाल यह कार्रवाई 7 चौकों पर लगे कैमरों के जरिए की जाएगी। धीरे-धीरे इन चौकों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस सोमवार को निगम अफसरों के साथ इस प्रोजेक्ट को लेकर बैठक करेगी। इस ई-चालान के शुरू होते ही नियमों की पालन न किया तो चालान सीधा आपके घर पहुंचेगा। ट्रेफिक पुलिस ने 7 चौक आईडेंटिफाई किए हैं। ट्रेफिक पुलिस के एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा ने बताया कि 26 जनवरी के दिन ई-चालान सेवा शुरू कर दी जाएगी। निगम की ओर से जिस कंपनी को कैमरा लगाने का कंट्रैक्ट दिया गया था, उसे डेड लाइन दे दी गई है। ई-चालान में हर प्रकार के चालान होंगे। हेल्मेट, सीट बैल्ट, हाई सिक्योरिटी नंबर पलेट न होना, गाड़ी के कागजात पूरा न होना और रेड लाइट जंप करने वालों के खिलाफ ऑनलाइन चालान होगा। उनके घर के पते पर चालान की कॉपी पहुंच जाएगी। अमृतसर में पहले अशोका चौक को ई-चालान के लिए चुना गया था। लेकिन ग्राउंड वर्क और भीड़ को देखते हुए अब अशोका चौक की जगह रणजीत एवेन्यू टी-प्वाइंट पर ई-चालान के लिए चुना गया है। रणजीत एवेन्यू टी-प्वाइंट पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। एडीसीपी हरपाल रंधावा ने बताया कि जब भी ई-चालान सेवा शुरू की जाएगी, लोगों को उससे पहले सूचित किया जाएगा। शहर में 92 करोड़ रुपए की लागत से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 409 प्वाइंटों पर 1115 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। जिसमें 17 चौकों पर लगे ट्रैफिक लाइट को भी बदला गया। 7 चौकों पर इंटेलिजेंस ट्रैफिक मॉनिटरिंग लाइट्स स्थापित किए गए। इसके अलावा सात चौकोंे फोरएस चौक, लॉरेंस चौक, कैनल ऑफिस चौक, कंटोनमेंट चौक, राम तलाई चौक, सेशन चौक और रणजीत एवेन्यू पर ई-चालान की कार्रवाई शुरू करने के लिए सीसीटीवी कैमरा सिस्टम लगाए गए। इन चौकों पर ई-चालान की कार्रवाई शुरू होने वाली है। जेब्रा लाइन से पीछे रुकना होगा।


