मंत्री बेढ़म ने दिए सख्त निर्देश:रबी फसलों के लिए किसानों को मिले निर्बाध बिजली, चोरों पर करें तुरंत कार्रवाई

राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने रबी की फसल के दौरान किसानों को हो रही बिजली समस्या पर गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों की आपात बैठक बुलाकर कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। मंत्री बेढ़म ने नगर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में व्यवधान की शिकायतों का तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा, “किसान का मुनाफा मेरी प्राथमिकता है।” बैठक में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता बी.एल. वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री बेढ़म ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह समय किसान के लिए ‘गोल्डन पीरियड’ है। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए तय ब्लॉक में निर्बाध (बिना ट्रिपिंग के) बिजली मिले और तकनीकी खामियों को युद्ध स्तर पर सुधारा जाए। गृह राज्य मंत्री ने क्षेत्र में ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की मुख्य वजह ‘बिजली चोरी’ को बताया। उन्होंने इस पर सख्ती बरतते हुए निर्देश दिए कि अवैध रूप से चल रहे ट्रांसफार्मरों और अवैध कनेक्शनों को तुरंत चिह्नित कर जब्त किया जाए। बिजली चोरी करने वाले रसूखदारों को भी बख्शा न जाए। जो भी सिस्टम को नुकसान पहुंचा रहा है, उस पर सख्त कार्रवाई हो। प्रशासनिक समन्वय की मिसाल: “पुलिस देगी पूरा संरक्षण” विद्युत कर्मियों द्वारा कार्रवाई के दौरान सुरक्षा की चिंता जताने पर, गृह राज्य मंत्री ने अपनी ‘त्वरित कार्यशैली’ का परिचय दिया। उन्होंने बैठक के बीच से ही जिला पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर निर्देशित किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान में विद्युत विभाग की टीमों को पर्याप्त पुलिस जाब्ता मुहैया कराया जाए। मंत्री जी ने कहा, “बिजली विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से ‘टीम’ बनकर काम करें। सरकारी काम में बाधा डालने वाले और बिजली चोरों पर कानूनी कार्रवाई हो, ताकि ईमानदार किसान को उसका हक मिल सके।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *