जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में लम्बे समय से खाली चल रहे पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा है कि जयपुर विकास प्राधिकरण में काफी पद रिक्त चल रहे हैं। इनका रिव्यू किया जा रहा है। इसको लेकर फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर काम किया जा रहा है। इसके बाद जल्द ही रिक्त पदों पर परमानेंट स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बता दें कि जेडीए में सहायक नगर नियोजक, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता, उद्यान निरीक्षक, सूचना सहायक, ड्राइवर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की 480 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अब 480 से ज्यादा पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भिजवाया है। इस पर वित्त विभाग ने जेडीए से कुछ पदों को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी है। इसे भी जेडीए ने वित्त विभाग को भिजवा दिया है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद जेडीए भर्ती की अभ्यर्थना राजस्थान लोक सेवा आयोग और राजस्थान कर्मचारी बोर्ड को भेजेगा। 42 साल में 66% से ज्यादा पद खाली जेडीए में लगभग 1932 कर्मचारियों की स्ट्रेंथ है। इसमें 1200 से ज्यादा पद खाली हैं। रिटायरमेंट के चलते गठन से अब तक लगभग 42 साल में 66 % से अधिक पद खाली हो गए हैं। वहीं, मौजूदा स्टाफ में भी बड़ी संख्या में दूसरे विभागों से आए कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में खाली पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। जाने किस विभाग में कितने पद रिक्त जेडीए के प्रशासनिक विभाग में उपायुक्तों के स्वीकृत 31 में से 10 पद रिक्त हैं। तहसीलदार, नायब तहसीलदार के स्वीकृत 54 पदों में से 29 पद रिक्त हैं। सहायक प्रशासनिक अधिकारी के 41 में से 27 पद खाली हैं। वरिष्ठ सहायक के 90 में से 75, कनिष्ठ सहायक के 310 में से 278, पटवारी-अमीन के 73 में से 33 पद रिक्त हैं। बता दें कि पिछले साल जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जूनियर अकाउंटेंट, जूनियर असिस्टेंट अकाउंटेंट, स्टेनोग्राफर और जूनियर लॉ ऑफिसर के 110 पदों पर भर्ती के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड और राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को प्रस्ताव भेजा गया था। इनमें से जूनियर लॉ ऑफिसर के 10 पदों पर भर्ती RPSC की ओर से प्रस्तावित हैं। वहीं, 100 पदों पर भर्ती कर्मचारी चयन आयोग की ओर से प्रस्तावित है। इसकी भर्ती विज्ञप्ति इसी साल जारी की जाएगी।


